आप नेताओं के संरक्षण में चल रहा पंजाब में ड्रग रैकेट: कलेर

मजीठा में आप नेता से हेरोइन बरामद होने की उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग

चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के लीगल सेल के अध्यक्ष अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा है कि मजीठा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) के हलका इंचार्ज तलबीर सिंह गिल के चहेते पीए और सरपंच लवप्रीत सिंह कोट हिरदे राम की गाड़ी से करीब 4.5 किलो हेरोइन बरामद होने के मामले की अगर उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तो पंजाब आप के कई चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। अर्शदीप कलेर गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित शिरोमणि अकाली दल के हेड ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ एडवोकेट जसप्रीत बराड़ और रणबीर राणा ढिल्लो भी उपस्थित थे।
कलेर ने कहा कि यह कैसे हो सकता है कि हलका इंचार्ज तलबीर गिल की इजाजत के बिना उनका पीए इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की तस्करी कर रहा हो। उन्होंने कहा कि यह ड्रग रैकेट राजनीतिक संरक्षण में मजीठा और पूरे पंजाब में चल रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीबी या सीबीआई या हाई कोर्ट की कमेटी देखरेख में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कलसियां गांव का एक सरपंच बड़ी मात्रा में ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं के साथ इस आप नेता की निकटता बताई जा रही है, उनमें तलवीर सिंह गिल के आम आदमी पार्टी इंचार्ज मनीष सिसोदिया, पंजाब अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा, पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक जीवन जोत कौर, विधायक शेरी कलसी कलसी और सोनिया मान के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्योंकि पहले तरनतारन के कलसिया कलां के सरपंच परमजीत सिंह से 18 किलो हेरोइन ज़ब्त की गई, जो ड्रग वॉर के खिलाफ विलेज डिफेंस कमेटी के प्रेसिडेंट थे और अब मजीठा के कोट हिरदे राम गांव के एक और सरपंच को 4 किलो से ज़्यादा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिससे साफ पता चलता है कि इतने बड़े पैमाने पर ड्रग रैकेट राजनीतिक सरपरस्ती में चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *