नई दिल्ली। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के लिए अपने 13 उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की। इसके साथ ही पार्टी ने मैनागुड़ी निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपने उम्मीदवार में बदलाव की घोषणा भी की है।
उम्मीदवारों की चौथी सूची के मुताबिक, सिताई आरक्षित सीट पर आशुतोष बर्मा, बागदा आरक्षित सीट पर सोमा ठाकुर और मगराहाट पूर्व की आरक्षित सीट पर उत्तम कुमार बनिक को उम्मीदवार बनाया गया है।
इनके अलावा, नाटाबाड़ी से गिरिजा शंकर रॉय, फालटा से देबांगशु पांडा, सोनारपुर उत्तरी से देबाशीष धर, चौरंगी से संतोष पाठक, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती चुनाव लड़ेंगे। पंचला से रंजन कुमार पॉल को टिकट दिया गया है जबकि चंडीपुर से डा. पीयूष कांति दास, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा, बाराबनी से अरिजीत रॉय चुनाव मैदान में उतरेंगे।
पार्टी के ओर से, पहली सूची में 144 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया गया था। उस सूची में, पश्चिमी बंगाल को दक्षिणी जिलों और दूसरी सूची में उत्तरी जिलों पर ध्यान दिया गया था। इस दौरान सुवेंदु अधिकारी और अग्निमित्रा पॉल जैसे नामी चेहरों को भी टिकट दिया है। पार्टी अब तक दक्षिणी बंगाल के मुर्शिदाबाद, हुगली, बांकुरा, पुरुलिया, उत्तरी बंगाल को मेकलीगंज, धूपगुड़ी, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, दार्जिलिंग की सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।
पश्चिमी बंगाल के लिए भाजपा प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी, मैनागुड़ी में प्रत्याशी बदला
