6 अप्रैल को कांग्रेस के विशाल धरने की तैयारी, बलबीर सिद्धू ने किया 20 गांवों का दौरा

एसएएस नगर (मोहाली)। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इलाके के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों को गमाडा (GMADA) और पंजाब सरकार द्वारा किसानों से की जा रही अन्यायपूर्ण नीतियों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, युवाओं और क्षेत्रवासियों से 6 अप्रैल को कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित धरने में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। सिद्धू ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है और गमाडा के माध्यम से किसानों की जमीन जबरदस्ती अधिग्रहित कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों के अधिकारों की रक्षा करने के बजाय उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना उचित मुआवजा दिए किसानों से जमीन ले रही है, जो पूरी तरह से धक्केशाही है। उन्होंने कहा कि जब प्लॉटों का वितरण किया जाता है, तो किसानों के बजाय व्यापारिक परिवारों को प्राथमिकता दी जाती है, जो स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि सरकार का ध्यान जनता की भलाई के बजाय अधिक मुनाफे पर है।
लोगों से बातचीत करते हुए सिद्धू ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसानों की नहीं है, बल्कि हर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर लोग आज अपनी आवाज नहीं उठाएंगे, तो भविष्य में हालात और गंभीर हो सकते हैं। सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज बनकर खड़ी रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी हमेशा लोगों के हक के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने खासतौर पर लोगों से अपील की कि वे 6 अप्रैल को बड़ी संख्या में धरने में शामिल होकर इस संघर्ष को सफल बनाएं। अपने दौरे के दौरान सिद्धू ने गांव सुखगढ़, नानू माजरा, माणक माजरा, मौजपुर, भागो माजरा भैरौपुर, रायपुर कला, गोबिंदगढ़, धीरपुर, गुडाना, सनेटा, ढेलपुर, मीढे माजरा, गीगे माजरा, नगारी, चाउ माजरा, दुराली, मनाना, ठसका, रायपुर खुर्द और मौली बैदवान आदि गांवों में लोगों से मुलाकात कर उन्हें इस मुद्दे के बारे में जागरूक किया और धरने में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *