SIR अभियान में आम लोगों की मदद को बलबीर सिद्धू भी मैदान में उतरे

अपना निजी मोबाइल नंबर किया साझा, वोटर लिस्ट व फॉर्म भरने में कर रहे मदद

मोहाली। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने हलका मोहाली के युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं से अपील की है कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। सिद्धू ने कहा कि मतदाता पहचान पत्र के माध्यम से ही प्रत्येक नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा कर सकता है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक के लिए अपने वोट का सत्यापन करवाना और उसे सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में बड़ी संख्या में नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि SIR अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो। उन्होंने अपना निजी मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को SIR अभियान, मतदाता सूची या फॉर्म भरने संबंधी किसी भी प्रकार की कठिनाई आती है, तो वह उनके नंबर 9872671010 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक व्यक्ति को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। सिद्धू ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे गणना फॉर्म वितरित करने और भरवाने के लिए घर-घर पहुंच रहे बी.एल.ओ. का पूरा सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाएं तथा अपने परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *