चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के स्थापना दिवस के बाद अब शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों का खाका तैयार किया है। 21 व 22 अप्रैल को 4706 शक्ति केंद्रों पर बड़े स्तर पर बैठक करने की व्यापक योजना तैयार की गई है। सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में हुई संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्य योजना को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी, डा. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया मौजूद थे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 20 हजार 629 बूथों पर धूमधाम से मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मोदी और नायब सैनी सरकार की उपलब्धियां और भाजपा की नीतियों के बारे में प्रत्येक बूथ पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती को भाजपा सभी बूथों पर मनाएगी। 13 अप्रैल को डा. अंबेडकर की जहां-जहां मूर्तियां लगी हैं, वहां स्वच्छता अभियान चलेगा और शाम के समय दीपोत्सव होगा। 14 अप्रैल को डा. अंबेडकर की जयंती पर प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। पत्रकारवार्ता के दौरान हरियाणा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश प्रवक्ता राज कुमार कटारिया भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता 15 से 20 अप्रैल तक गांव और बस्तियों में लोगों के साथ पंचतीर्थ और डा. अंबेडकर के विचारों पर चर्चा करेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में 4706 शक्ति केंद्र हैं। इन सभी शक्ति केंद्रों पर 21 और 22 अप्रैल को बड़े स्तर पर बैठकें होगी। इन बैठकों में प्रदेश पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि बुधवार को कैबिनेट की बैठक है, जिसमें जनता को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद, उठान सही तरीके से हो, इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यापक योजना तय की है। मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई हैं, जो मंडियों में निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद भी निरीक्षण कर रहे हैं ताकि किसानों को कोई दिक्कत ना आए। बेदी ने कहा कि ‘‘जे’’ फार्म कटने के बाद 48 घंटों में किसानों के बैंक अकाउंट में पैसे आ रहे हैं। हरियाणा में किसानों की सभी 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा के साथ राजस्थान, पंजाब, यूपी, हिमाचल के बार्डर लगते हैं। सरकार ने फसल खरीद का सिस्टम बनाया है। हरियाणा के किसानों का एक-एक दाना सरकार खरीद रही है।
