हड़ताल जारी रखने का ऐलान, 11 को रोहतक में जुटेगा सर्व कर्मचारी संघ
चंडीगढ़। अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर चल रहे हरियाणा अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की यूनियन के पदाधिकारियों की एक बैठक गुरुवार को चंडीगढ़ सचिवालय की 8वीं मंजिल पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के साथ हुई। बैठक में फायर विभाग की प्रधान सचिव सुमिता मिश्रा, महानिदेशक सतवीर नैन, रोमी सिंगला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान फरीदाबाद अग्निकांड में मारे गए दमकल कर्मचारी रणवीर सिंह व भविष्यचंद शर्मा को शहीद का दर्जा देने, उनके आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता एवं सरकारी नौकरी प्रदान करने, कर्मचारियों के लिए 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता लागू करने, पे-रोल व कौशल निगम के दमकल कर्मचारियों को विभाग के सर्जित पदों पर समायोजित कर समान काम समान वेतन देने, नियमित कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में गृह जिला देने और ड्यूटी के दौरान घायल कर्मचारियों को गंभीर स्थिति में विशेष अवकाश प्रदान करने जैसी मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।। हालांकि मंत्री की ओर से सभी मांगों पर वित्त विभाग से मंजूरी के बाद समाधान का आश्वासन दिया गया लेकिन यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने मांगों का ठोस समाधान न होने पर नाराजगी जताई। यूनियन के राज्य प्रधान राजिन्दर सिन्द एवं महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि 3 व 6 अप्रैल को फायर महानिदेशक के साथ हुई बैठकों तथा मंत्री स्तर की इस बैठक में भी कर्मचारियों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकला। हर बार मांगों को टालने का रवैया अपनाया गया, जिसके चलते हड़ताल को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
उधर, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 11 अप्रैल तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो रोहतक के कर्मचारी भवन में पालिकाओं, परिषदों व निगमों के कर्मचारी भी आन्दोलन की रणनीति बनाएगा। शास्त्री ने कहा कि 12 अप्रैल को रोहतक में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा राज्य कार्यकारिणी की विस्तृत बैठक होगी, जिसमें सभी विभागों के कच्चे-पक्के हरियाणा कौशल रोजगार निगम व ठेकेदार के कर्मचारियों को संगठित कर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। बैठक में यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री, कैशियर सुखदेव सिंह, सचिव साहून खान, मनजीत, सुनील कुंडू, गुरमेल, आनंद, ऑडिटर रमेश पहल एवं कार्यकारिणी सदस्य अमरदीप, रघुवीर सिंह, बलवंत सिंह, अशोक और मेघश्याम कौशिक भी शामिल हुए।
