कहा, सिखों-हिंदुओं को बांटने की भाजपा व अकाली दल की साजिश नाकाम होगी
भाजपा पर लगाया हर जगह चुनाव से पहले अशांति और डर फैलाने का आरोप
जालंधर। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘शुक्राना यात्रा’ के दूसरे दिन भाजपा और अकालियों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सियासी फायदे के लिए सिखों और हिंदुओं को बांटने की कोशिश करने वाली ताकतें पंजाब में भाईचारे और एकता की मजबूत परंपरा के सामने असफल हो जाएंगी। जालंधर और अमृतसर में हाल ही में हुए बम धमाकों को भाजपा के पंजाब में चुनावी तैयारी बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी जाती है, चुनावों से पहले डर, अशांति और फूट डालती है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जहां भी भाजपा सत्ता में आती है, वह गरीबों और आम लोगों के लिए बनाई गई भलाई योजनाओं को बंद कर देती है। उन्होंने कहा, “उन्होंने दिल्ली में मुहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए और अगर वे पंजाब आते हैं तो वे यहां भी ऐसा ही करेंगे। ये पार्टियां लोक-पक्षीय पहलकदमियों के खिलाफ हैं और लोगों की भलाई के प्रति संकीर्ण मानसिकता रखती हैं।”
लोगों को फूट डालने वाली राजनीति से बचने की चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब पहले ही काफी काले दिन देख चुका है और अब विकास व तरक्की पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। करतारपुर में एक अन्य सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भाजपा चुनावों से पहले पंजाब को अस्थिरता और डर में धकेलने की कोशिश कर रही है, लेकिन शांति पसंद पंजाबी उन्हें उचित जवाब देंगे। उन्होंने कहा, “चुनावों से पहले भाजपा नेता फूट डालने और लोगों को आपस में लड़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसी गंदी राजनीति पंजाब में कभी सफल नहीं होगी।” जालंधर और अमृतसर में हाल ही में हुए धमाकों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये घटनाएं पंजाब में भाजपा के सियासी दखल के संकेत हैं।
जालंधर में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने बेअदबी विरोधी कानून का जिक्र करते हुए ऐलान किया कि पंजाब में बेअदबी करने वाले अब सजा से नहीं बच सकेंगे। उन्होंने कहा कि नया बेअदबी विरोधी कानून अपराधियों के लिए एफआईआर, उम्रकैद और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने के बाद जमानत न देने की व्यवस्था करता है। पिछली सरकारों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वालों को आजाद घूमने और पंथ की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की इजाजत दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने अब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्रता की रक्षा और सूबे में भाईचारे की सांझ बनाए रखने के लिए देश का सबसे सख्त कानून बनाया है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि बेअदबी विरोधी कानून के बाद पंजाब सरकार जल्द ही नशों के खिलाफ सख्त कानून लाएगी, जिसके तहत नशा तस्करों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और आसान जमानत पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
जालंधर से शुक्राना यात्रा के दूसरे दिन का नेतृत्व करते हुए मुख्यमंत्री मान ने आदमपुर और करतारपुर में सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अकाली खुद बेअदबी में शामिल थे और इसलिए उनके पास कानून का विरोध करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें भी कानून को मजबूत कर सकती थीं लेकिन उन्होंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “लोग अकालियों को यह मानकर वोट देते रहे कि वे बाबा नानक के आदर्शों की नुमाइंदगी करते हैं, लेकिन उन्होंने गुरुओं की पवित्र शिक्षाओं का निरादर किया। अकालियों को छोड़कर पूरी सिख संगत इस बेअदबी विरोधी कानून का स्वागत कर रही है।”
