क्या विद्यार्थी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं: वड़िंग

कहा- विद्यार्थियों पर NSA लगाना भाजपा सरकार का निरंकुश कदम

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने केंद्र सरकार द्वारा जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त और विवादास्पद नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) लागू करने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार वास्तव में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानती है, जबकि वे केवल नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक के मामलों में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वड़िंग ने जोर देते हुए कहा कि ऐसे कठोर और दमनकारी कानूनों का इस्तेमाल अंततः सरकार पर ही उल्टा पड़ेगा और इसके परिणाम भी उसे ही भुगतने होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के खिलाफ लोगों में पहले से मौजूद गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है और हजारों की संख्या में
लोग इस आंदोलन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और सड़कों से लेकर संसद के भीतर तक उनकी आवाज़ बुलंद करेगी। वड़िंग ने कहा कि एनएसए लागू करने का फैसला केवल यह दर्शाता है कि मोदी सरकार घबराहट और बेचैनी में है तथा भीतर से कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी तानाशाही सरकारों ने ऐसे कठोर और दमनकारी कदम उठाए हैं, उन्होंने अपने पतन को ही तेज किया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि वह विद्यार्थियों के खिलाफ दमनकारी कानूनों का इस्तेमाल करने से परहेज करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *