कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन के महासचिव कुंवर उदय सिंह राठौर आप में शामिल

चंडीगढ़। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन के महासचिव कुंवर उदय सिंह राठौर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा व डेराबस्सी से विधायक कुलजीत रंधावा की मौजूदगी में अपने साथियों के साथ कांग्रेस छोड़कर ‘आप’ में शामिल हो गए। मंत्री अमन अरोड़ा ने कुंवर उदय सिंह राठौर का सिरोपा भेंट कर पार्टी में औपचारिक रूप से स्वागत किया।
कुंवर उदय सिंह राठौर का राजनीतिक सफर काफी प्रभावशाली रहा है। वे ‘इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस’ के पूर्व महासचिव, पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता, सोशल मीडिया सेल पंजाब के चेयरमैन और मालवा जोन के सेक्रेटरी इंचार्ज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके ‘आप’ में आने से क्षेत्र में पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कुंवर उदय सिंह राठौर का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की कार्यशैली और पंजाब के सर्वांगीण विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को देखते हुए आज हर वर्ग के ईमानदार लोग हमसे जुड़ रहे हैं। कुंवर उदय सिंह राठौर जैसे अनुभवी और जमीनी स्तर के नेता के आने से पार्टी के संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। हम मिलकर पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के अपने संकल्प को और तेजी से पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर मेहनती कार्यकर्ता और नेता को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *