पनबस/पीआरटीसी ठेका मुलाजिमों की मांगों का निपटारा 15 अक्तूबर तक : चीमा

चंडीगढ़। प्रदेश सरकार के मुलाजिमों और ठेका आधारित स्टाफ की शिकायतों तथा सेवा से संबंधित मसलों के समाधान के लिए पंजाब के वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, जो मुलाजिमों के मसलों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के प्रमुख भी हैं, ने सोमवार को विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की मुलाजिम जथेबंदियों और पंजाब रोडवेज, पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्ज यूनियन पंजाब (25/11) के प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता की।
पनबस/पी.आर.टी.सी. कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्ज यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श के दौरान परिवहन मंत्री हरपाल चीमा ने परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा को 15 अक्टूबर तक ठेका मुलाजिमों की सभी जायज मांगों का निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को यह भी हिदायत की कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) की बैठक बिना किसी देरी के बुलाई जाए ताकि बोर्ड की मंजूरी की आवश्यकता वाले मामलों को तुरंत मंजूरी दी जा सके। चीमा ने कहा, “पनबस/पीआरटीसी ठेका मुलाजिमों की सभी जायज मांगों का 15 अक्टूबर तक समाधान किया जाए। ”
सरकारी आईटीआई ठेका मुलाजिम यूनियन पंजाब और ऑल पंजाब डीएसटी/सीटीएस कॉन्ट्रैक्ट इंस्ट्रक्टर यूनियन के प्रतिनिधिमंडलों के साथ एक अलग बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने उनके मांग पत्रों की समीक्षा की। यूनियनों ने गेस्ट फैकल्टी और कॉन्ट्रैक्ट इंस्ट्रक्टरों के रूप में अपनी लंबी सेवा का हवाला देते हुए 58 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा और उचित मेहनताने तथा वेतन वृद्धि से संबंधित चिंताएं उठाईं। कैबिनेट मंत्री ने कहा, “सरकारी आई.टी.आई. ठेका मुलाजिमों की 58 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा, वाजिब मेहनताने और वेतन वृद्धि की मांगों पर हमदर्दी के साथ विचार किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि इन मसलों की घोख के दौरान गेस्ट फैकल्टी और ठेका इंस्ट्रक्टरों के रूप में ठेका मुलाजिमों की लंबी सेवा को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने तकनीकी शिक्षा विभाग के डायरेक्टर मुनीश कुमार को आई.टी.आई. इंस्ट्रक्टरों की वेतन वृद्धि का रस्मी प्रस्ताव तैयार करके जल्द से जल्द वित्त विभाग को सौंपने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *