नई बिक्री रणनीति के तहत देशभर में डीलर नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी
मुंबई। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ओला इलेक्ट्रिक ने देशभर के करीब 150 डीलर पार्टनर्स के साथ अपना पहला ‘डीलर डे’ आयोजित किया। इस अवसर पर डीलर पार्टनर्स ने कंपनी की गीगा फैक्ट्री और फ्यूचर फैक्ट्री का दौरा किया तथा इलेक्ट्रिक स्कूटरों, बैटरी पैक, मोटर और अन्य प्रमुख कंपोनेंट्स के निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम के दौरान उन्हें कंपनी के नेतृत्व से सीधे बातचीत करने का अवसर भी मिला।
ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक भाविश अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने डीलर पार्टनर्स के उत्साह और सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। इस आयोजन में ऐसे डीलर भी शामिल हुए, जिनके स्टोर पहले ही शुरू हो चुके हैं, जबकि कई अन्य जल्द ही अपना कारोबार शुरू करने की तैयारी में हैं।
बिक्री और सर्विस नेटवर्क में बदलाव
ओला इलेक्ट्रिक ने अगस्त 2026 में अपने बिक्री एवं सर्विस नेटवर्क को देशभर के डीलर पार्टनर्स के लिए खोलने की घोषणा की थी। कंपनी वर्ष 2021 से मुख्य रूप से अपने स्वामित्व वाले स्टोरों के माध्यम से कारोबार कर रही थी। अब नई रणनीति के तहत कंपनी के स्टोर ब्रांड और उत्पादों का अनुभव उपलब्ध कराने पर ध्यान देंगे, जबकि स्थानीय स्तर पर बिक्री और सर्विस की जिम्मेदारी डीलर पार्टनर्स संभालेंगे।
कंपनी का लक्ष्य इस नए मॉडल के माध्यम से ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाना और बिक्री के साथ सर्विस नेटवर्क को मजबूत करना है। इस रणनीति में कंपनी के एक मिलियन से अधिक मौजूदा राइडर्स का आधार भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जन्माष्टमी के अवसर पर ओला इलेक्ट्रिक के डीलर-संचालित स्टोरों का पहला समूह सात राज्यों में शुरू किया गया था। इनमें राजस्थान, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश शामिल हैं।
इस बदलाव को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कंपनी ने अगस्त 2026 में हुंडई मोटर इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बीवीआर सुब्बू को वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया था। ओला इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ बैटरी सेल और अन्य प्रमुख कंपोनेंट्स के निर्माण एवं तकनीकी विकास पर भी काम कर रही है। तमिलनाडु स्थित इसके औद्योगिक केंद्र में फ्यूचर फैक्ट्री और आगामी गीगाफैक्ट्री शामिल हैं। कंपनी का पहला डीलर डे नए वितरण मॉडल के तहत साझेदारों के साथ समन्वय बढ़ाने और देशभर में बिक्री एवं सर्विस नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
