सप्लाई चेन को यूएलआईपी से जोड़ने के लिए एनएलडीएसएल से किया समझौता
रियल टाइम निगरानी से जुड़ेगी माल ढुलाई, बढ़ेगी निर्यात क्षमता : अमन अरोड़ा
चंडीगढ़। लॉजिस्टिक्स लागत कम करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए पंजाब सरकार ने राज्य की सप्लाई चेन को यूनिफाइड लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म (यूएलआईपी) से जोड़ने के लिए एनआईसीडीसी लॉजिस्टिक्स डेटा सर्विसेज लिमिटेड (एनएलडीएसएल) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
यहां उद्योग भवन में पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा की उपस्थिति में विभाग के निदेशक जसप्रीत सिंह तथा एनएलडीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताकायुकी कानो ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव गुरकिरत कृपाल सिंह भी उपस्थित थे।
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह समझौता एकल इंटरफेस के माध्यम से विभिन्न सरकारी प्रणालियों और निजी लॉजिस्टिक्स ऑपरेटरों के बीच रियल-टाइम डेटा साझा करने की सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि एक सक्षम एवं कुशल लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। यह साझेदारी व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाएगी, रियल-टाइम निगरानी के माध्यम से माल की आवाजाही को अधिक प्रभावी बनाएगी। साथ ही, निर्यातकों, एमएसएमई और परिवहन क्षेत्र को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएगी।
उद्योग मंत्री ने कहा कि इससे लेन-देन की लागत कम होगी तथा राज्य की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस संबंधी साख और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यूएलआईपी एकीकरण से सरकारी विभागों, लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं तथा उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। अमन अरोड़ा ने कहा कि एनएलडीएसएल के साथ यह समझौता राज्य के लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा उद्योग एवं निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह प्लेटफॉर्म बुनियादी ढांचे के विकास के लिए तथ्य आधारित योजना निर्माण में सहायता करेगा तथा उत्तर भारत में माल परिवहन के दौरान आने वाली प्रमुख बाधाओं की पहचान करने में भी मददगार साबित होगा।
समझौते के उपरांत एनएलडीएसएल ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के लिए एक तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें तीन प्रमुख समाधानों पर प्रस्तुति दी गई, जिनमें कंटेनर दृश्यता के लिए लॉजिस्टिक्स डेटा बैंक, रियल-टाइम शिपमेंट ट्रैकिंग के लिए ट्रैक योर ट्रांसपोर्ट तथा फ्लीट एवं माल प्रबंधन के लिए ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं।
