गुरुद्वारे की छत्त श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप पर गिरी, बचाव कार्य जारी
वर्जीनिया (एडिलेड)। साउथ ऑस्ट्रेलिया के वर्जीनिया क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा दशमेश दरबार रविवार देर रात भीषण आग की चपेट में आकर लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया है। आग इतनी विकराल थी कि इमारत के भीतर कई धमाके हुए, पूरे परिसर को आग की लपटों ने घेर लिया और देखते ही देखते भवन का बड़ा हिस्सा ढह गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि गुरुद्वारे के सेवादारों ने बताया है कि आग के दौरान गुरुद्वारे की छत का एक बड़ा हिस्सा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप के ऊपर आ गिरा। दमकल कर्मी विशेष उपकरणों की मदद से छत के भारी हिस्से को सावधानीपूर्वक काटकर हटाने में जुटे हैं। अब तक मिली सूचना के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप पूरी तरह सुरक्षित हैं या नहीं।

घटना की जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे गुरुद्वारे में आग लगने की सूचना मिलने पर मेट्रोपॉलिटन फायर सर्विस (MFS) और कंट्री फायर सर्विस (CFS) की 60 से अधिक दमकलकर्मी 20 फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। साथ ही आग को आसपास की इमारतों और संपत्तियों तक फैलने से भी रोक लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के कुछ ही देर बाद गुरुद्वारे से तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई और कुछ ही समय में इमारत का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया।
वर्ष 2024 में स्थापित गुरुद्वारा दशमेश दरबार एडिलेड और आसपास रहने वाले सिख समुदाय का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक केंद्र रहा है। यहां प्रतिदिन गुरु का लंगर आयोजित किया जाता है। इसके अलावा गुरुद्वारे में नियमित रूप से कीर्तन, धार्मिक सभाएं और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं। गुरुद्वारे के अध्यक्ष बख्शीश सिंह ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आग कुछ ही मिनटों में पूरे भवन में फैल गई। उस समय गुरुद्वारे में आराम कर रहे स्वयंसेवकों ने आग की लपटें देखकर तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखा कोई भी सामान सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। सोमवार सुबह तक श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप सुरक्षित हैं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। गुरुद्वारा प्रबंधन ने बताया कि दमकल अधिकारियों को उनके स्थान की जानकारी दे दी गई थी और पूरा सिख समुदाय उनके सुरक्षित मिलने की अरदास कर रहा है।
इस बीच साउथ ऑस्ट्रेलिया पुलिस और अग्निशमन विभाग के जांच अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आग संदिग्ध परिस्थितियों में लगी थी या नहीं।
