पंचकूला में निर्दलीय चुनाव लड़ रही ओमवती पूनिया ने भाजपा प्रत्याशी का किया समर्थन

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की उपस्थिति में पंचकूला के वार्ड-12 से निर्दलीय चुनाव लड़ रही पूर्व पार्षद ओमवती पूनिया ने भाजपा प्रत्याशी राकेश जगोता के समर्थन की घोषणा की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली स्वयं ओमवती पूनिया के निवास पर पहुंचे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने ओमवती पूनिया को भाजपा का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
ओमवती पूनिया ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का घर पहुंचने पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार स्वागत किया। ओमवती पूनिया ने वार्ड-12 से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी राकेश जगोता को पूर्ण समर्थन का वादा किया। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए कार्य करेंगी। इस दौरान ओमवती पूनिया ने मुख्यमंत्री सैनी को राखी के रूप में विश्वास का धागा बांधा। राखी बांधते हुए उन्होंने कहा कि यह विश्वास का धागा है और वह कभी भी पार्टी छोड़कर नहीं जाएंगी। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा परिवार निरंतर मजबूत हो रहा है और पार्टी में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में पंचकूला की जनता भाजपा के विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी और ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *