एसएएस नगर (मोहाली)। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी (आप) पर आगामी मोहाली नगर निगम चुनाव के लिए हर वार्ड में बड़े स्तर पर फर्जी वोट बनवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य चुनाव आयुक्त से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर, बनाए जा रहे फर्जी वोट रद्द करने की मांग की है।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिद्धू ने कहा कि आप मोहाली नगर निगम पर हर हाल में कब्जा करने की नीयत से हर वार्ड में लगभग 300 फर्जी वोट बनवा रही है। उन्होंने बताया कि बाहरी लोगों की मोहाली शहर में वोट बनवाने के लिए धड़ल्ले से फर्जी किरायानामे तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले एक महीने में बने किरायानामों का एक जैसा प्रारूप और एक ही व्यक्ति द्वारा सत्यापन इस बात का प्रमाण है कि सभी वार्डों के दस्तावेज एक ही जगह बैठकर तैयार किए गए हैं। सिद्धू ने उदाहरण देते हुए कहा कि वार्ड नंबर 42 में 304 नई वोटें जोड़कर मतदाताओं की संख्या 678 से बढ़ाकर 982 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इसी तरह वार्ड नंबर 5 में भी बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाई जा रही हैं, जहां से आप एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की पत्नी को चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि मोहाली नगर निगम में हाल ही में शामिल किए गए आईटी सिटी वाले वार्ड में भी बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कथित फर्जी मतदाताओं में से कई की तस्वीरें भी वोटर सूची में नहीं लगी हुई हैं, जिससे यह आशंका भी पैदा होती है कि इन वोटों का इस्तेमाल अन्य लोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन वार्डों में एक-एक घर में बीस से अधिक वोटें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर लोकतंत्र और मानवाधिकारों की इस कथित हत्या को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर इस फर्जीवाड़े को रोकने के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
बलबीर सिद्धू का आरोप, आप ने मोहाली में बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनवाए
