संजीव अरोड़ा ने भाजपा में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया, हिम्मत को सलाम : केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने की घटना को पंजाब के लोगों के भरोसे, विकास और भविष्य के साथ धोखा करार दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने इस संकट की घड़ी में भी संजीव अरोड़ा के अडिग रहने और भाजपा में शामिल नहीं होने के फैसले की जमकर तारीफ की है। केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि किसी भी इंसान का चरित्र मुसीबत के समय पता चलता है। संजीव अरोड़ा ने भाजपा में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया। संजीव अरोड़ा की हिम्मत को सलाम है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि संजीव अरोड़ा एक ऐसे नेता हैं जो न सिर्फ ईमानदार और मेहनती हैं, बल्कि पंजाब के लिए उनके पास एक स्पष्ट विज़न, गहरी समझ और बदलाव का जुनून भी है। मंत्री बनने के बाद उन्होंने पंजाब में औद्योगिक निवेश लाने के लिए जिस गंभीरता और गति से काम किया, उसकी आज हर तरफ़ चर्चा है। पंजाब के किसी भी उद्यमी से पूछ लीजिए- शायद ही कोई ऐसा मिले जो संजीव अरोड़ा की औद्योगिक नीति और उनके काम करने के तरीके की तारीफ न करता हो। सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने शहरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम शुरू किया। स्ट्रीट लाइट से शहरों को रोशन करने, सड़कों और गलियों में फैले बिजली के तारों के जाल को व्यवस्थित करने और आधुनिक अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने की दिशा में लगातार काम किया। सिसोदिया ने कहा कि ऐसे मेहनती नेता की गिरफ्तारी, सिर्फ़ एक नेता को परेशान करने का मामला नहीं रह जाता बल्कि यह पंजाब की जनता के भरोसे, पंजाब के विकास और पंजाब के भविष्य के साथ धोखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *