वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन की ओर से चंडीगढ़ में प्रथम वार्षिक उत्सव न्यूंदर-2026 का आयोजन कल

चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन की ओर से 16 मई शनिवार को चंडीगढ़ में “प्रथम वार्षिक उत्सव न्यूंदर-2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सेक्टर-36 स्थित एमसीएमडीएवी कॉलेज में शाम 5 बजे आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हमीरपुर से सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद रहेंगे। इनके अलावा राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और सांसद कांगड़ा-चंबा डॉ. राजीव भारद्वाज भी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह जानकारी चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन आशा जसवाल और अध्यक्ष अमित राणा ने दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश में बसे हिमाचलियों को एक मंच पर लाना और युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से परिचित करवाना है। कार्यक्रम के दौरान हिमाचली संस्कृति की विविध रंगत देखने को मिलेगी। समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध लोक गायक करनैल राणा की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही पारंपरिक हिमाचली नाटी एवं झमाकड़ा की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। कार्यक्रम में हिमाचली व्यंजनों “धाम” का विशेष प्रबंध किया गया है, जहां आने वाले लोग पारंपरिक स्वाद का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा हिमाचल के गौरवशाली इतिहास, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों ने ट्राइसिटी एवं आसपास के क्षेत्रों में रह रहे हिमाचली समुदाय तथा संस्कृति प्रेमियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आशा जसवाल ने कहा कि संस्था भविष्य में भी हिमाचली पहचान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *