ग्रुप-बी की नौकरियों में हरियाणा के युवाओं की अनदेखी, इनेलो 18 को करेगी विरोध प्रदर्शन

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने हरियाणा में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में धांधली और ग्रुप बी की नौकरियों में अन्य भाजपा शासित प्रदेशों के लोगों को दिए जाने का कड़ा विरोध करते हुए 18 मई को सुबह 11 बजे, पंचकूला सेक्टर-4 स्थित हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय के सामने प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि बाहरी लोगों को तरजीह देने से हरियाणा के युवा नौकरी से वंचित हो गए हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो सरकारी नौकरियों में सिर्फ बाहर के लोग ही नजर आएंगे और हरियाणा का युवा बेरोजगार।
18 मई को इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, युवा के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला, आईएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला एवं डबवाली से इनेलो के विधायक अदित्य देवीलाल भी मौजूद रहेंगे। इस प्रदर्शन में सभी इनेलो कार्यकर्ता, राज्य कार्यकारिणी के सदस्य, जिला और हलका प्रधान, प्रकोष्ठों के राज्य अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष समेत भारी संख्या में लोग भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *