आप पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और विपक्ष को डराने-धमकाने के लगाए आरोप कहा: असली मुकाबला 2027 में होगा, आप 10 सीटें भी नहीं जीत सकेगी
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रदेश में हुए नगर निगम चुनावों के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी द्वारा सत्ता के दुरुपयोग और सरकारी मशीनरी के गलत इस्तेमाल के बावजूद डटकर मुकाबला करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब भर में नगर निगम चुनावों के दौरान ‘साम, दाम, दंड, भेद’ की नीति का खुला प्रदर्शन देखने को मिला है। वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि ये नतीजे पंजाब की जमीनी हकीकत का वास्तविक प्रतिबिंब नहीं हैं, क्योंकि लोग पूरी तरह सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि असली मुकाबला कुछ महीनों बाद होने वाले 2027 के चुनावों में होगा और उस समय आप का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा सरकारी मशीनरी और पुलिस का बड़े स्तर पर दुरुपयोग किया गया है। इसके बावजूद, आप कुल वार्डों के हिसाब से भी आधे आंकड़े को पार नहीं कर सकी है।
वड़िंग ने दोहराया कि 2027 के वास्तविक चुनावी मुकाबले में आप दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकेगी। उन्होंने कहा कि वह फिर कहते हैं कि 2027 में आप 10 सीटें भी नहीं जीत सकेगी। उन्होंने कहा कि आप भले ही नगर निगम चुनावों की “चोरी की जीत” का जश्न मना रही हो, लेकिन यह जश्न बहुत कम समय तक चलेगा और इसकी मियाद फरवरी 2027 तक ही रहेगी।