हरियाणा में जन समस्याओं के खिलाफ माकपा का अभियान, 15 तक चलेगा

रोहतक। कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की हरियाणा राज्य कमेटी ने 1 से 15 जून तक जन समस्याओं के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। रोहतक स्थित जसबीर स्मारक में सम्पन्न हुई बैठक की अध्यक्षता राज्य सचिव मंडल सदस्य कामरेड इंद्रजीत सिंह ने की। बैठक में पार्टी के पोलिट ब्यूरो सदस्य एवं सांसद अमराराम और केंद्रीय कमेटी सदस्य डॉक्टर के. हेमलता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कामरेड अमराराम ने पार्टी केंद्रीय कमेटी की रिपोर्ट रखते हुए बताया किया कि अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा दुनिया के संसाधनों को लूटने और मुनाफे बढ़ाने की हवस के चलते आज दुनिया भर में पेट्रोल, डीजल, गैस व अन्य सामान की कमी हो रही है। इससे दुनिया के स्तर पर महंगाई बढ़ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आए दिन दूसरे देशों को धमकी देते रहते है जबकि मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार आज गुटनिरपेक्षता और साम्राज्यवाद विरोधी नीति को छोड़कर अमेरिकी साम्राज्यवाद की पिछलग्गू बनती जा रही है।
पार्टी राज्य सचिव प्रेमचंद ने कहा कि पूरे देश के साथ-साथ हरियाणा में भी भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का असर साफ-साफ नजर आ रहा है। राज्य में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बिजली, पानी, साफ-सफाई, शिक्षा-स्वास्थ्य, परिवहन सेवाओं, सड़कों की बदहाली आदि मुद्दों से जनता परेशान है। पढ़े लिखे युवा बेरोजगार निजी व सरकारी दोनों जगह बहुत कम वेतन पर कई-कई घंटे काम करने के लिए मजबूर हैं।  कानून व्यवस्था की हालात भी दयनीय है। एनसीआरबी के अनुसार अपराध के मामले में हरियाणा देश में चौथे स्थान पर है।
माकपा इन स्थितियों में देश की संप्रभुता, गुटनिरपेक्षता के पक्ष में तथा साम्राज्यवाद, साम्प्रदायिकता और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाएगी। 1 से 30 जून के बीच में साम्राज्यवाद के विरोध में, क्यूबा की एकजुट के पक्ष में और भारत की मोदी सरकार के साम्राज्यवाद के जूनियर पार्टनर बनने के विरोध में राज्य भर में सेमिनार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। 1 से 15 जून तक बढ़ती महंगाई के खिलाफ तथा मनरेगा बहाली, खरीफ फसल बिजाई, खाद की उपलब्धता के लिए अभियान चलाते हुए धरने प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *