चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (पुनर्सर्जित) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य प्रवक्ता करनैल सिंह पीर मोहम्मद ने कहा है कि लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में शहीद किसानों को न्याय दिलाने के लिए उनकी पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को कड़ी सजा मिलने तक कानूनी लड़ाई जारी रहेगी और किसी भी भ्रामक प्रचार से लोगों को गुमराह नहीं होना चाहिए।
मीडिया को जारी बयान में पीर मोहम्मद ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह अफवाह फैलाई जा रही है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले के आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की चार्जशीट में घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताया गया था। इसी आधार पर अदालत ने मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में आरोप तय किए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी आरोपी को जमानत मिल जाने का अर्थ यह नहीं है कि उसे निर्दोष घोषित कर दिया गया है। मामले की सुनवाई अभी अदालत में जारी है और अंतिम फैसला आना बाकी है।
पीर मोहम्मद ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों पर वाहन चढ़ाकर उनकी हत्या करना मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध था। ऐसे दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने न्यायपालिका से मामले की शीघ्र सुनवाई कर पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय दिलाने की अपील की। साथ ही लोगों और किसान संगठनों से अफवाहों से बचने तथा न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी के शहीद किसानों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाने दी जाएगी और न्याय मिलने तक पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
