हरियाणा में कलेक्टर रेट पर प्रॉपर्टी टैक्स वसूलने के फैसले का विरोध

आम जनता ही नहीं, सैनिक और पदक विजेता खिलाड़ियों को भी लूटेगी सरकार: अभय चौटाला

चंडीगढ़। भाजपा की हरियाणा सरकार ने कैबिनेट बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स को कलेक्टर रेट पर वसूलने का जो जनविरोधी फैसला लिया है, वह न सिर्फ तानाशाही है बल्कि आम जनता, किसानों, मध्यम वर्ग और देश सेवकों के साथ सीधी धोखाधड़ी है। यह फैसला भाजपा सरकार का असली जन विरोधी चेहरा उजागर करता है। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पहले नाममात्र का हाउस टैक्स था, फिर कांग्रेस ने प्रॉपर्टी टैक्स लगाया और अब भाजपा ने उसे कलेक्टर रेट से जोडक़र जनता की कमर तोडऩे का काम किया है।
उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद अब 5 गुना ज्यादा टैक्स वसूला जाएगा। जैसे-जैसे कलेक्टर रेट बढ़ेगा, प्रॉपर्टी टैक्स भी उसी अनुपात में बढ़ेगा। मकान की हर मंजिल का अलग से मूल्यांकन करके भारी-भरकम टैक्स वसूला जाएगा। भाजपा सरकार ने स्पष्ट रूप से आम आदमी को लूटने की ठान ली है। उन्होंने कहा कि सबसे शर्मनाक और निंदनीय बात यह है कि भाजपा सरकार अब देश की रक्षा करने वाले फौजियों और अंतरराष्ट्रीय मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाडिय़ों को भी इस लूट से नहीं बख्श रही है। जो जवान सीमा पर दुश्मन से लड़ते हैं और जो खिलाड़ी विश्व पटल पर देश का झंडा फहराते हैं, उनके रिहायशी या इंडस्ट्रियल प्लॉट पर भी अब भारी प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जाएगा। यह फैसला न केवल फौजियों और खिलाडिय़ों का अपमान है, बल्कि पूरे राष्ट्र का अपमान है। चौटाला ने कहा कि यह तुगलकी फरमान वापस लिया जाए, अन्यथा जनता इसका जवाब देने के लिए सडक़ों पर उतर आएगी और इनेलो जनता का पूरी तरह से साथ देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *