गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी पंजाब पहुंची, भाजपा ने श्रद्धापूर्वक किया स्वागत

चंडीगढ़। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई गई पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा के पंजाब पहुंचने पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।
लालड़ू में भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पवित्र कलश को शीश नवाकर ग्रहण किया। इसके बाद चंडीगढ़ स्थित आर्य समाज मंदिर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न जिला अध्यक्षों को पवित्र मिट्टी के कलश सौंपे गए, जिनके माध्यम से यह यात्रा पूरे प्रदेश में आगे बढ़ेगी। समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्त गुरु रविदास जी की दिव्य वाणी पर आधारित मधुर कीर्तन का भी श्रवण किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज का दिन पंजाब के लिए अत्यंत ऐतिहासिक और भावनात्मक है। गुरु रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी के पंजाब आगमन से ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं गुरु साहिब अपनी कृपा और आशीर्वाद प्रदान करने पंजाब पधारे हों। उन्होंने कहा कि भाजपा गुरु रविदास जी के प्रति अटूट श्रद्धा और सम्मान का भाव रखती है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में गुरु रविदास जी की अमृतवाणी को स्थान देकर गुरु साहिबानों ने पंजाब और गुरु रविदास जी के बीच एक अटूट आध्यात्मिक संबंध स्थापित किया है, जो सदियों से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *