डेरा बाबा नानक में पंजाब बचाओ रैली में जुटी भारी भीड़
शिअद की सरकार बनते ही थीन डैम पर बनेगा पर्यटन केंद्र
डेरा बाबा नानक। शिरोमणी अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि 2027 में अकाली दल की सरकार बनने के बाद वह थीन बांध पर 50 हजार करोड़ रूपये का पर्यटन केंद्र बनाएगी। पार्टी के पंजाब बचाओ अभियान के तहत शनिवार को वरिष्ठ नेता सुच्चा सिंह लंगाह के साथ एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए शिअद अध्यक्ष ने कहा कि यह पर्यटन केंद्र क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के अलावा नौजवानों को रोजगार भी मुहैया कराएगा। इस अवसर पर बादल के साथ डा. दलजीत सिंह चीमा, हीरा सिंह गाबड़िया, गुरबचन सिंह बब्बेहाली, लखबीर सिंह लोधीनंगल, सोनू लंगाह ने भी रैली को संबोधित किया।
शिअद अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि अकाली दल सीमावर्ती क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के उद्देश्य से एक विशेष पैकेज देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा,‘‘इन प्रोत्साहनों में रोजगार सृजन के अलावा सस्ती बिजली और टैक्स में छूट भी शामिल होगी, क्योंकि हम यह निर्धारित करेंगें सभी उद्योगों में 75 फीसदी पंजाबियों को रखा जाए।’’ उन्होने यह भी घोषणा की कि अमृतसर में आईटी हब बनाने के लिए अकाली दल प्रतिबद्ध है जो पूरे बॉर्डर इलाके के नौजवानों के लिए वरदान साबित होगा। बादल ने जोर देकर कहा कि 2027 में पार्टी की सरकार बनने के बाद वह राजस्थान नहर में पानी के प्रवाह को रोक देगी। उन्होंने कहा,‘‘ हम नई नहरों का निर्माण करेंगे और इस पानी को अपने किसानों के खेतों तक पहुचाएंगे।’’
इसके साथ ही शिअद अध्यक्ष ने नौजवानों को 10 लाख रूपये का ब्याज मुक्त कर्जा, आटा-दाल योजना को दोबारा शुरू करने, बुढ़ापा पेंशन को बढ़ाकर 3100 रूपये प्रति माह करने और शगुन भत्ते को 1 लाख रूपये करने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो किसान टयूबवैल कनेक्शन से वंचित हैं, उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक जिले में संबंद्ध कालेजों के साथ एक कौशल यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि केवल पंजाबियों को ही सरकारी नौकरियां दी जाएं।
