राजा वड़िंग ने केंद्रीय कृषि मंत्री और पंजाब के सीएम को लिखा पत्र
चंडीगढ़। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के मद्देनज़र केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को अलग-अलग पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और सहयोग की अपील की है। केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में वड़िंग ने बताया कि बठिंडा, मानसा, बरनाला, मलोट, गिद्दड़बाहा, लंबी और अमृतसर (मजीठा) के कुछ हिस्सों सहित प्रमुख कृषि क्षेत्र व्यापक तबाही का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं और अन्य रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जबकि कई इलाकों में सब्जियों की फसल लगभग पूरी तरह नष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि इस बड़े पैमाने पर हुए नुकसान ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया है। महीनों की मेहनत के बाद मिलने वाली आमदनी पूरी तरह खत्म हो गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका है। वड़िंग ने तत्काल उपायों की मांग करते हुए विशेष समयबद्ध फसल नुकसान आकलन (गिरदावरी), वास्तविक नुकसान के अनुरूप बढ़ा हुआ मुआवजा और राहत राशि के शीघ्र वितरण की बात कही। उन्होंने सब्जी उत्पादकों के लिए अलग से राहत तंत्र बनाने की भी मांग की, जिन्हें पूरी फसल के नुकसान का सामना करना पड़ा है।
राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को लिखे पत्र में कहा कि ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में बठिंडा, मानसा, बरनाला, मलोट, गीदड़बाहा, लंबी और अमृतसर के कुछ हिस्से शामिल हैं। इन इलाकों में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल बिल्कुल तबाह हो गई है। इसके अलावा इलाके में सब्जियों की फसल को भी बहुत नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों पर वित्तीय बोझ बढ़ गया है। उन्होंने जमीना हालात का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री से अपील की कि किसानों को उनके नुकसान के हिसाब से मुआवजा दिया जाए और मुआवजे की रकम तुरंत जारी की जाए ताकि किसानों को तुरंत राहत मिल सके। उन्होंने प्रभावित किसानों को हरसंभव मदद प्रदान करने की भी अपील की।
