पुणे। बजाज ऑटो ने अपनी लोकप्रिय पल्सर मोटरसाइकिल के 25 साल पूरे होने के मौके पर नई Pulsar 150 और Pulsar 125 को लॉन्च किया है। कंपनी ने दोनों मॉडलों में आधुनिक तकनीक, बेहतर परफॉर्मेंस और नए फीचर्स जोड़े हैं, जबकि पल्सर की पहचान माने जाने वाले स्पोर्टी डिजाइन, दमदार रोड प्रेजेंस और परफॉर्मेंस को बरकरार रखा गया है। नई Pulsar 150 की शुरुआती एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत 1,15,233 रुपये, जबकि Pulsar 125 की कीमत 92,900 रुपये रखी गई है।
पल्सर ब्रांड की शुरुआत वर्ष 2001 में हुई थी। पिछले 25 वर्षों में इसकी 2 करोड़ से अधिक मोटरसाइकिलें 40 से ज्यादा देशों में बिक चुकी हैं। बजाज के अनुसार, पल्सर ने भारतीय मोटरसाइकिल बाजार में परफॉर्मेंस और स्पोर्टी राइडिंग को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाई है।
नया इंजन और गियर बॉक्स
नई Pulsar 150 में 149.5cc इंजन दिया गया है, जो 14 PS की पावर और 13.7 Nm का टॉर्क पैदा करता है। वहीं Pulsar 125 में 124.58cc इंजन है, जो 12 PS की पावर और 11 Nm का टॉर्क देता है। कंपनी का दावा है कि Pulsar 125 अपने सेगमेंट की सबसे शक्तिशाली 125cc मोटरसाइकिल है।
नया गियर बॉक्स
दोनों बाइक्स में नया गियर बॉक्स दिया गया है, जिससे लोअर गियर में बेहतर ट्रैक्टिव एफर्ट और कम स्पीड पर बेहतर परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है। बेहतर पावर-टू-वेट रेशियो के चलते 0-60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में भी सुधार किया गया है।
नया फ्रेम और मोनोशॉक सस्पेंशन
बाइक्स में नया डायमंड-टाइप फ्रेम दिया गया है, जिसकी स्टिफनेस बढ़ाई गई है। इसके अलावा नाइट्रोजन गैस-चार्ज्ड इमल्शन टाइप मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। कंपनी के मुताबिक इससे हैंडलिंग, स्ट्रेट-लाइन स्टेबिलिटी और कॉर्नरिंग बेहतर होगी।
5-इंच TFT कंसोल
नई Pulsar में 5-इंच TFT कंसोल दिया गया है, जिसमें Google Maps मिररिंग और नेविगेशन की सुविधा मिलती है। राइडर वाहन का RC, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी कंसोल पर स्टोर कर सकता है। इसके अलावा लाइव कॉल और मैसेज अलर्ट तथा म्यूजिक कंट्रोल जैसे फीचर्स भी उपलब्ध हैं।
तीन राइडिंग मोड और Crawl Tech
मोटरसाइकिल में Road, Rain और Sport तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं। साथ ही Crawl Tech फीचर कम स्पीड वाले ट्रैफिक में बाइक को नियंत्रित करने और राइडिंग को आसान बनाने में मदद करता है।
नए LED headlamp
नई बाइक्स में Wolf-Eye LED हेडलैंप भी दिया गया है। Pulsar 150 के टॉप वेरिएंट में बेहतर थ्रो, स्प्रेड और इंटेंसिटी का दावा किया गया है। टॉप तीन वेरिएंट में ISG (Integrated Starter Generator) तकनीक भी दी गई है, जो ऑटोमैटिक स्टार्ट-स्टॉप के जरिए ईंधन दक्षता सुधारने में मदद करती है।
बजाज ऑटो के चीफ बिजनेस ऑफिसर, टू-व्हीलर बिजनेस यूनिट, सारंग कानडे ने कहा कि पल्सर ने कई पीढ़ियों के राइडर्स को परफॉर्मेंस का पहला अनुभव दिया है। उन्होंने कहा कि नई Pulsar 150 और Pulsar 125 में ब्रांड की प्रतिष्ठित पहचान को बरकरार रखते हुए आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग को शामिल किया गया है।
