AI के पीछे मत भागिए, बुनियाद मजबूत रखिए : TCS के Data Analytics Head की भावी इंजीनियरों को सलाह

चंडीगढ़। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जहां आज हर उद्योग की दिशा बदल रहा है और युवाओं के लिए नए कैरियर के अवसर खोल रहा है, वहीं देश की अग्रणी कंपनियों TCS, HCL Technologies, Bharat Electronics Limited (BEL) और Fastway Transmissions के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में सिर्फ AI जानना ही सफलता की गारंटी नहीं होगा। उनका कहना है कि मजबूत बुनियाद, प्रोग्रामिंग की समझ, डेटा, साइबर सिक्योरिटी, समस्या-समाधान की क्षमता और लगातार सीखते रहने का जज़्बा ही भविष्य के इंजीनियरों को सबसे आगे ले जाएगा।
SVKM के NMIMS चंडीगढ़ के स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग (STME) के ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 में छात्रों को संबोधित करते हुए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में हेड–डेटा एंड एनालिटिक्स (पब्लिक सर्विसेज) जगजीत सिंह ने कहा, ग्लैमर के पीछे मत भागिए, मजबूत बुनियाद बनाइए। प्रोग्रामिंग कभी पुरानी नहीं होगी। आज AI सबसे बड़ा चर्चा का विषय जरूर है, लेकिन असली अवसर डेटा, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल ट्रस्ट में हैं। दुनिया AI पर जितना निवेश करेगी, उससे कई गुना ज्यादा निवेश डेटा और सिक्योरिटी पर होगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे शॉर्टकट्स के बजाय मूलभूत तकनीकी कौशल विकसित करें और लंबे समय तक सीखते रहने की आदत अपनाएं।
HCL Technologies के जनरल मैनेजर (क्वालिटी) संदीप मलिक ने छात्रों को जिज्ञासु बने रहने, नए प्रयोग करने और असफलताओं से सीखने की सलाह दी। वहीं BEL के डिप्टी जनरल मैनेजर निखिल मंगल ने कहा कि AI और नई तकनीकों के बढ़ते उपयोग के साथ इंजीनियरों की जिम्मेदारी भी बढ़ती है। उनके अनुसार, तकनीक तभी सार्थक है जब उसके साथ नैतिकता और जिम्मेदारी भी जुड़ी हो। Fastway Transmissions के प्रोडक्ट हेड एंड डिलीवरी मनप्रीत सिंह ने कहा कि AI इंसानों की जगह लेने नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाने का माध्यम है। आने वाले समय में वही पेशेवर आगे बढ़ेंगे, जो तकनीक के साथ रचनात्मक सोच, प्रभावी संवाद और आलोचनात्मक सोच का संतुलन बनाए रखेंगे।
इस अवसर पर SVKM के NMIMS चंडीगढ़ की कैंपस डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) ज्योत्सना सिंह ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने बताया कि संस्थान की पहली इंजीनियरिंग बैच ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट हासिल किया, जो विश्वविद्यालय की मजबूत इंडस्ट्री कनेक्ट और व्यावहारिक शिक्षण मॉडल का प्रमाण है। 11 से 17 जुलाई तक चलने वाले इस ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दौरान छात्रों के लिए इंडस्ट्री इंटरैक्शन, ब्रिज कोर्स, विशेषज्ञ सत्र, अनुभवात्मक शिक्षण गतिविधियां और विभिन्न अकादमिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे बदलती तकनीकी दुनिया की चुनौतियों के लिए शुरुआत से ही खुद को तैयार कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *