पंजाब बंद के बाद स्वास्थ्य विभाग के समक्ष रखीं कैमिस्टों की मांगें
चंडीगढ़। आल इंडिया आर्गेनाइजेशन आफ कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट और पंजाब कैमिस्ट एसोसिएशन (पीसीए) के पंजाब बंद के आह्वान के बाद शुक्रवार को पंजाब स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के कैमिस्टों के साथ बैठक की। इस बैठक में पीसीए के पंजाब प्रधान सुरिंद्र दुग्गल के नेतृत्व में कैमिस्टों का एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह से मिला। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख सचिव कुमार राहुल, कमिश्नर कमलप्रीत कौर बराड़, संयुक्त कमिश्नर संजीव गर्ग, सहायक कमिश्नर गुरिंदर सिंह ने भी हिस्सा लिया।
पीसीए के प्रधान सुरिंद्र दुग्गल की ओर से जारी प्रेस बयान के अनुसार, बैठक में कैमिस्टों की विभिन्न मांगों को उठाने के साथ ही उन समस्याओं को भी स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखा गया, जो विभिन्न नियमों के तहत कैमिस्टों को स्वतंत्रता पूर्वक काम करने से रोक रहे हैं और कैमिस्टों में भय पैदा कर रहे हैं। पीसीए की तरफ से, ई-फार्मेसी प्लेटफार्म नियमों को रद करके दवा बिक्री की इस व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग की गई, वहीं एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन तैयार करके नशीली व प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के बढ़ते मामलों पर चिंता भी जताई गई। पीसीए की तरफ से कहा गया कि बड़े कारपोरेट घरानों की तरफ से डीप डिस्काउंटिंग के जरिए दवा बिक्री का संतुलन बिगाड़ा जा रहा है। इसके अलावा शेड्यूल एच वन रजिस्टरों के रखरखाव में आ रही कठिनाई और पंजाब फार्मेसी काउंसिल द्वारा फार्मेसी के रिन्यूअल में खड़ी की गई बाधाओं का भी मुद्दा उठाया गया।
