सुखबीर बादल  6 अक्तूबर से शुरू करेंगे डोर-टू-डोर प्रचार

10 नवंबर से राज्यव्यापी बस यात्रा का करेंगे शुभारंभ
चंडीगढ़। शिरोमणी अकाली दल (शिअद) ने गुरुवार को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एक गहन प्रचार कार्यक्रम का ऐलान किया। इसके तहत पार्टी अध्यक्ष 6 अक्टूबर से घर-घर जाकर प्रचार शुरू करेगी और 10 नवंबर से तलवंडी साबो से पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में राज्यव्यापी बस-यात्रा का शुभारंभ होगा। डोर-टू-डोर प्रचार अभियान अटारी से शुरू होगा और इस अभियान के दौरान पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। डोर-टू-डोर अभियान सभी विधानसभा  हलकों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। शिअद का चुनाव घोषणा पत्र को जारी करने की तिथि 1 नवंबर निर्धारित की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिवस पर मोगा के ऐतिहासिक गांव किल्ली चाहलां में 8 दिसंबर को एक विशाल जनसभा आयोजित करने का फैसला लिया गया है। वही, बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल 5 अक्टूबर को श्री मुक्तसर साहिब से महिलाओं के नशा विरोधी आंदोलन के दूसरे चरण की शुरूआत करेंगी। यह आंदोलन  नारे ‘‘मावां-धीयां दी ललकार, बंद करो नशा दा व्यापार’को राज्य के हर घर तक पहुंचाया जाएगा।
एक प्रेस कांफ्रेंस में वरिष्ठ नेताओं- बलविंदर सिंह भूंदड़ और डा. दलजीत सिंह चीमा द्वारा इन फैसलों की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में पार्टी के ‘हलका इंचार्ज’और आब्जर्वरों की मीटिंग के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों की फीडबैक लेने के लिए 6 अक्टूबर को घर-घर जाकर अभियान शुरू किया जाएगा क्योंकि वे लोगों के सुझाव पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा,‘‘इससे पहले घोषणा पत्र कमेटी ने पार्टी की अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के संगठनों के साथ मीटिंग की और किसानों, व्यापारियों , नौजवानों और सरकारी कर्मचारियों के साथ मिलकर इस कवायद को जारी रखेगी। इसका मकसद  लोगों की फीडबैक लेकर पंजाब में प्रगति और समृद्धि लाने के लिए कार्य योजना बनाना है।’’उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। भूंदड़ और डा. चीमा ने कहा कि 10 नवंबर को तलवंडी साबो से शुरू होने वाली अकाली दल अध्यक्ष की बस यात्रा  एक जनसंपर्क कार्यक्रम होगा, जिसमें सुखबीर बादल प्रतिदिन दो से तीन विधानसभा हलकों का दौरा करेंगें। डा. चीमा ने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पार्टी और इसके नेताओं के खिलाफ प्रसारित की जा रही झूठी, आधारहीन और अपमानजनक सामग्री पर नजर रखने के लिए वकीलों की दस सदस्यीय कमेटी की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *