‘वीरा’ के बाद वेरका ने लांच किया नया मैस्कॉट ‘गुड्डी’

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा ने मंगलवार को पंजाब सिविल सचिवालय में स्थापित वेरका की एक अत्याधुनिक वेंडिंग मशीन का उद्घाटन किया। मुख्य सचिव ने कहा कि ये अत्याधुनिक वेंडिंग मशीनें दूध, टेट्रापैक फ्लेवर्ड मिल्क बेवरेज, विभिन्न प्रकार की लस्सी, फलों के जूस, मिनरल वाटर, आइसक्रीम आदि को सुविधाजनक और उपभोक्ता-अनुकूल तरीके से उपलब्ध करवाएंगी, जिससे वेरका, सोहणा और फाइव रिवर्स ब्रांड की विश्वसनीय मौजूदगी और पहुंच में वृद्धि होगी। मिल्कफेड द्वारा प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर उपभोक्ताओं को ताजे, स्वच्छ और आसानी से उपलब्ध वेरका उत्पाद प्रदान करने के उद्देश्य से अत्याधुनिक वेंडिंग मशीनें स्थापित की जा रही हैं।

इस अवसर पर वेरका के बेहद लोकप्रिय मैस्कॉट “वीरा” की तर्ज पर नए मैस्कॉट “गुड्डी” का भी उद्घाटन किया गया और उपभोक्ताओं को इसके बारे में जानकारी दी गई। “गुड्डी” को लॉन्च करना वेरका ब्रांड की ओर से इस पहल के माध्यम से लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के प्रयासों तथा पंजाब की संस्कृति में समाहित पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक रिश्तों को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि मिल्कफेड पंजाब, जिसे पंजाब राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड के नाम से जाना जाता है और जो प्रसिद्ध वेरका ब्रांड का मालिक है, भारत की सबसे बड़ी सहकारी डेयरी संस्थाओं में से एक है। यह संस्था देशभर के उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध करवाने के साथ-साथ डेयरी किसानों की आर्थिक प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मिल्कफेड पंजाब के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता ने कहा कि मिल्कफेड वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान लगभग 7,250 करोड़ रुपये की अनुमानित आय प्राप्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जो पिछले वित्तीय वर्ष के 6,395 करोड़ रुपये के कारोबार की तुलना में 13 प्रतिशत की शानदार वृद्धि को दर्शाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *