चंडीगढ़। पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियाँ ने बताया कि पंजाब सरकार ने बाढ़-रोधी कार्यों और राज्यभर में किसी भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अग्रिम रूप से 146 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आगामी मानसून सीज़न को ध्यान में रखते हुए बाढ़ जैसी किसी भी संभावित आपदा की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए सरकार ने अग्रिम योजना बनाई है। ज़िला प्रशासनों को आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि वे आपदा प्रबंधन के साथ-साथ संभावित बाढ़ से होने वाले नुकसान को समय रहते कम कर सकें।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंजाब के सभी ज़िलों को 100 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है ताकि ज़िला प्रशासन किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों का बिना किसी देरी के प्रभावी ढंग से सामना कर सके। इसके अतिरिक्त बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नावों, बाढ़-रोधी सामग्री तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 46 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी जारी की गई है। इसके तहत प्रत्येक ज़िले को 2 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
