तरुण चुघ ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए भरा नामांकन

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्यप्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ ने शनिवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्य सरकार के मंत्रीगण, वरिष्ठ भाजपा नेता, पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नामांकन दाखिल करने के अवसर पर प्रदेश भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने तरुण चुग को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की। तरुण चुघ ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। संगठन विस्तारक के रूप में उन्हें पहले भी मध्यप्रदेश में कार्य करने का अवसर मिला है और आज मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष सम्मान का विषय है। चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की शक्ति से संचालित होने वाला संगठन है, जहां समर्पण, परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। पार्टी द्वारा सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *