चंडीगढ़। 21 जून को होने वाली NEET-UG की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ़्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया है। उन्होंने इस संबंध में राज्य परिवहन विभाग को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, उम्मीदवारों को बिना किसी कठिनाई के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने 20 जून और 21 जून को हरियाणा रोडवेज की रेगुलर बसों में उम्मीदवारों को मुफ्त यात्रा करने की सुविधा प्रदान की है।
यह सुविधा परीक्षा वाले दिन, यानी 21 जून को भी उपलब्ध होगी, ताकि उम्मीदवार परीक्षा केंद्र तक आ-जा सकें। प्रवक्ता ने बताया कि मुफ़्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए उम्मीदवारों को अपना वैध NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा राज्य परिवहन निदेशालय ने हरियाणा रोडवेज के सभी जनरल मैनेजरों को निर्देश जारी किए हैं कि वे मुख्यमंत्री के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
ड्राइवरों और कंडक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे एडमिट कार्ड दिखाने पर योग्य उम्मीदवारों को मुफ़्त यात्रा की सुविधा दें। वहीं, हरियाणा सरकार ने NEET-UG की दोबारा परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए एक व्यापक और कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
NEET UG 2026 : परीक्षार्थियों को हरियाणा में 20-21 जून को मुफ्त बस यात्रा सुविधा का ऐलान
