नए रजिस्ट्रेशन वाली 50 लाख महिलाओं के खाते में एक अगस्त को आएगी सम्मान राशि: केजरीवाल

जिन्हें अब तक पैसे नहीं मिले, उन्हें जुलाई से सितंबर तक तीनों महीने के पैसे मिलेंगे
कहा, भगवंत मान पंजाब के पहले ऐसे सीएम जिन पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं
मुकेरियां में ‘एक शाम भगवान शिव दे नाल’ भजन संध्या में हुए शामिल केजरीवाल

मुकेरियां (पंजाब)/नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुकेरियां में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव दे नाल’ भजन संध्या कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने कहा कि एक अगस्त को भगवंत मान सरकार नई रजिस्ट्रेशन वाली 50 लाख महिलाओं के खाते में सम्मान राशि डालेगी। जिन्हें अभी पैसे नहीं मिले हैं, वे चिंता न करें। सभी को जुलाई, अगस्त, सितंबर तीनों महीने के पैसे मिलेंगे। महिलाओं के खातों में एक हजार रुपए और दलित समाज की महिलाओं के खातों में 1500 रुपए महीना भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सौ फीसदी ईमानदार मुख्यमंत्री हैं। तभी लोगों को मुफ्त बिजली, हजार रुपए सम्मान राशि समेत अन्य सुविधाएं दे पा रहे हैं। लोगों के लिए दिन-रात काम कर रहे भगवंत मान को दोबारा पंजाब का मुख्यमंत्री बनाना जरूरी है। केजरीवाल ने आगे कहा कि पहली बार पंजाब को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिस पर, उसके परिवार पर या उसके किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा। पांचवां साल चल रहा है और बिना किसी आरोप के एक ईमानदार मुख्यमंत्री आपके लिए काम कर रहा है।

एक अगस्त से तीर्थ यात्री योजना में जुड़ेंगे तीन नए रूट
अरविंद केजरीवाल ने तीर्थ यात्रा योजना को लेकर खुशखबरी देते हुए कहा कि अभी इसके तहत दो रूटों दरबार साहिब और आनंदपुर साहिब पर बसें चलती हैं, जिसमें आने-जाने, एसी बस, एसी होटल और खाने-पीने का सारा खर्चा सरकार देती है। 1 अगस्त से इसमें तीन नए रूट जोड़े जा रहे हैं। अब सालासर-खाटू श्याम जी, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए भी मुफ्त बसें जाया करेंगी। हम डेढ़ लाख यात्रियों को इन जगहों पर मुफ्त में तीर्थ यात्रा करवाने ले जाएंगे।

अमृतसर में बनेंगे लव-कुश और माता सीता के भव्य मंदिर
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर में भगवान वाल्मीकि का ऐतिहासिक मंदिर है, जहां भगवान वाल्मीकि ने रामायण लिखी, सीता माता वहां रहीं और वहीं लव-कुश का जन्म व उनकी पढ़ाई हुई। इसलिए सरकार ने तय किया है कि भगवान वाल्मीकि मंदिर के बगल में लव-कुश और माता सीता का एक बहुत ही भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इसके अलावा, पटियाला स्थित काली माता के मंदिर को मुख्यमंत्री भगवंत मान 80 करोड़ रुपए खर्च करके बहुत ही भव्य बना रहे हैं, जो 1 अक्टूबर तक बनकर तैयार हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *