कांस्टीट्यूशन क्लब में दोपहर 12 बजे शुरू होगा टाउनहॉल:केजरीवाल
देशभर के लोग ऑनलाइन-ऑफलाइन हिस्सा लेकर रखें अपनी बात
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से शनिवार को दिल्ली के कॉस्टीट्यूशन क्लब में ‘नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20’ का आयोजन किया जाएगा। इस टाउनहॉल में ई-20 से प्रभावित देश भर लोग ऑननलाइन या ऑफलाइन शामिल होकर अपने विचार रखेंगे। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बताया कि नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20 में लोगों की समस्याएं सुनने के लिए और ई-20 पर “निर्णय” लेने के लिए मेरे साथ देश की एक जानी मानी शख्सियत मौजूद होगी। उन्होंने देश के लोगों से अपील की है कि आप भी अपनी बात रखने के लिए टाउनहॉल में ऑफलाइन या ऑनललाइन जरूर जुड़ें।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ई-20 पेट्रोल से गाड़ियों पर पड़ रहे असर के मुद्दे को लगातार उठा रही है। केंद्र सरकार ई-20 को पुरानी गाड़ियों के लिए भी सुरक्षित बता रही है, जबकि इसके इस्तेमाल से पुरानी गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज भी गिर रही है। इस बाबत AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में स्थित 29 ऑटो निर्माता कंपनियों को पत्र लिखकर उन्हें लिखित में स्पष्ट करने की भी अपील की थी कि क्या ई-20 पुरानी गाड़ियों के लिए सुरक्षित है, क्या इसके इस्तेमाल से गाड़ियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। उन्होंने पूछा था कि अगर ई-20 के इस्तेमाल से गाड़ियां खराब होती हैं तो उसका हर्जाना कौन देगा? केजरीवाल के इस पत्र का किसी भी ऑटो निर्माता कंपनी ने जवाब नहीं दिया है। हालांकि 9 कंपनियों ने केजरीवाल के साथ हुई मीटिंग में मौखिक तौर पर बताया कि ई-20 पुरानी गाड़ियों के लिए सुरक्षित नहीं है।
बीते सोमवार को केजरीवाल ने प्रेसवार्ता कर ई-20 के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा करने को लेकर नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट ई-20 आयोजित करने का एलान किया था। इसमें ऑनलाइन और ऑफ लाइन दोनों तरह से लोग जुड़ सकते हैं। पार्टी ने ऑनलाइन जुड़ने के लिंक जारी किया था। वहीं, दिल्ली और एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग टाउनहॉल में फिजिकली शामिल होंगे।
