चंडीगढ़। सेक्टर-27 स्थित रामगढ़िया भवन में शुक्रवार को पंजाबी फिल्म ‘इश्क़ परिंदे’ का भव्य लॉन्च समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर फिल्म की पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। प्रसिद्ध अभिनेता मलकीत रौनी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामगढ़िया सभा के अध्यक्ष मनविंदर रनौता रहे, जिन्होंने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए इसकी सफलता की कामना की।
युवा महिला प्रोड्यूसर बहनों- लवप्रीत घुमाण और प्रीत घुमाण का बेहतरीन प्रयास, फिल्म ‘इश्क़ परिंदे’ 10 अगस्त को चौपाल ऐप पर रिलीज होगी। फिल्म की कहानी एक ऐसे गरीब युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आर्थिक तंगी के बीच अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाता है। उसके सिर पर अपनी अविवाहित बहन की शादी की जिम्मेदारी भी होती है, लेकिन गरीबी के कारण उसके कई रिश्ते टूट जाते हैं।
इसी दौरान उसे अपने कॉलेज में पढ़ने वाली एक संपन्न परिवार की लड़की से प्यार हो जाता है। लड़की के पिता इस रिश्ते को स्वीकार नहीं करते और उसकी शादी किसी अन्य युवक से कर देते हैं। शादी के बाद युवती को पता चलता है कि उसका पति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल है और आखिरकार पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेती है। दूसरी ओर, प्रेमिका से बिछड़ने के बाद युवक पूरी तरह टूट जाता है और शराब का सहारा लेने लगता है। क्या दोनों प्रेमी फिर से मिल पाएंगे? क्या उनका प्यार अपनी मंजिल तक पहुंचेगा? इन सवालों के जवाब दर्शकों को ‘इश्क़ परिंदे’ में देखने को मिलेंगे।
फिल्म की कहानी चमकोर बिरोके ने लिखी है, जबकि निर्देशन शिव कैम्स ने किया है। फिल्म का निर्माण अमन पुनिया और प्रीत घुमाण ने घुमाण प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। फिल्म में गैवी दसका, लवप्रीत घुमन्न , बलजीत बावा, प्रीत घुमन्न,मलकीत रौनी, बलजिंदर कौर, हरपाल गिल, कुलविंदर कौर, कुलदीप नियामी, मंजू महल, धर्मिंदर मान, जगतार बेनीपाल, वड्डा सराओ, बब्बल कौर, मिंटू कोटकपूरा, अर्श घुमन्न , जतिंदर टिंका, रमन कौर, रणधीर धीरा, जगजीत जग्गी, दीपी मंड और कोमल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के गीतों का संगीत मणि भवनीगढ़ ने तैयार किया है।
