UPDATE: 27 अगस्त पंजाब महाबंद की चेतावनी, कर्मचारियों-पेंशनरों को सीएम ने वार्ता के लिए बुलाया

चंडीगढ़, 7 अगस्त। पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा तथा कर्मचारी मंच पंजाब की संयुक्त समन्वय समिति ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित दाना मंडी में विशाल राज्य स्तरीय रैली आयोजित करने के बाद पंजाब विधानसभा की ओर जोरदार विरोध मार्च निकाला। रैली में पंजाब और चंडीगढ़ से हजारों सरकारी कर्मचारी, पेंशनर और मानदेय कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान सरकार को चेतावनी दी गई कि यदि उनकी लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 27 अगस्त को पूरे पंजाब में सामूहिक अवकाश लेकर महाबंद किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महाबंद के दौरान तहसील कार्यालयों से लेकर पंजाब सचिवालय तक सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित किया जाएगा। कर्मचारियों ने यह भी ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में वे केवल उसी राजनीतिक दल का समर्थन करेंगे, जिसके पास कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को पूरा करने का स्पष्ट रोडमैप होगा।

रैली को संबोधित करते हुए संयुक्त समन्वय समिति के नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद कर्मचारियों को 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्तें और बकाया जारी नहीं किए गए हैं। इसके अलावा पेंशनरों और अनरिवाइज्ड श्रेणियों के कर्मचारियों पर 2.59 का गुणांक लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कच्चे एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, मिड-डे मील, आशा और आंगनवाड़ी जैसी मानदेय कर्मियों के लिए न्यूनतम वेतन लागू करने, बंद किए गए 37 प्रकार के भत्तों और एसीपी योजना को बहाल करने सहित कई मांगों को सरकार लगातार नजरअंदाज कर रही है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए आम आदमी पार्टी ने कर्मचारियों और पेंशनरों के आंदोलनों का समर्थन किया था और सत्ता में आने पर उनकी समस्याओं के समाधान का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री भी कर्मचारियों की सभी मांगों पर चर्चा करने के बजाय केवल वेतनमान संबंधी तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं।

रैली के अंत में संयुक्त मोर्चे के नेताओं ने कहा कि यदि पंजाब सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कर्मचारियों, पेंशनरों और मानदेय कर्मियों का आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा सरकार को इसका राजनीतिक खामियाजा भी भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दोहराया कि 27 अगस्त का प्रस्तावित महाबंद कर्मचारियों की एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *