इंडिया पोस्ट ने GDS पदों के लिए जारी किया नोटिफिकेशन, 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए मौका

चंडीगढ़। भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इंडिया पोस्ट ने GDS ऑनलाइन एंगेजमेंट के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस भर्ती में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक जैसे पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना में अपनी पात्रता और संबंधित डाक सर्किल की रिक्तियों की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए। उम्मीदवार 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

GDS भर्ती के लिए सामान्य तौर पर उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी होता है। उम्मीदवार ने 10वीं कक्षा में स्थानीय भाषा के अलावा गणित व अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। (नोटिफिकेशन में राज्य/सर्कल के अनुसार स्थानीय भाषाओं की सूची दी गई है)। आवेदन के दौरान 10वीं की मार्कशीट में दर्ज अंकों, नाम और अन्य विवरण को सही-सही दर्ज करना आवश्यक है। विभाग के पोर्टल के अनुसार गलत जानकारी मिलने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। उम्मीदवार को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी, साइकिल चलाने की क्षमता और GDS भत्ते के अलावा आजीविका का एक पर्याप्त स्वतंत्र स्रोत होना चाहिए।
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली में भरे जाएंगे इतने पद
नोटिफिकेशन के अनुसार, देश के सभी राज्यों में भरे जाने वाले पदों की संख्या निर्धारित की गई है। इसके तहत पंजाब सर्किल में पंजाबी भाषा वाले GDS के कुल पद 109 हैं जबकि इसी सर्किल में अंग्रेजी/हिंदी भाषा के 3 पद भरे जाने हैं। हरियाणा सर्किल में हिंदी भाषा वाले कुल 74 पद, हिमाचल प्रदेश सर्किल में हिंदी भाषा वाले कुल 284 पद, दिल्ली सर्किल में हिंदी भाषा वाले कुल 13 पद, जम्मू-कश्मीर सर्किल में हिंदी/ऊर्दू भाषा वाले कुल 263 पद, राजस्थान सर्किल में हिंदी भाषा वाले कुल 722 पद, उत्तराखंड सर्किल में हिंदी भाषा वाले कुल 374 पद, उत्तर प्रदेश सर्किल में कुल 1474 पद भरे जाने हैं।
चयन प्रक्रिया में परीक्षा नहीं

ग्रामीण डाक सेवक भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों के चयन में लिखित परीक्षा के बजाय 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाती है। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है। इसलिए आवेदन करते समय 10वीं के अंक सही दर्ज करना बेहद महत्वपूर्ण है।

आवेदन शुल्क और छूट

आधिकारिक GDS पोर्टल पर उपलब्ध आवेदन निर्देशों के अनुसार सामान्य श्रेणी के पात्र उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है। सभी महिला और ट्रांस-वुमन उम्मीदवारों तथा SC/ST श्रेणी के उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवारों को पहले GDS ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी का OTP के माध्यम से सत्यापन किया जाता है। इसके बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, पता, 10वीं के अंक और पसंदीदा डिवीजन की जानकारी भरनी होती है। उम्मीदवार को फोटो और हस्ताक्षर भी निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने होते हैं।

विभाग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते फॉर्म जमा करें। साथ ही उम्मीदवार किसी भी फर्जी फोन कॉल या संदेश के झांसे में न आएं। भारतीय डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन के नाम पर पैसे जमा कराने के लिए वह फोन या SMS नहीं करता।

IndiaPost Notification

https://indiapost.gov.in/gdsonlineengagement

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *