“हर दिन, एक कदम आगे” विषय के तहत अभिभावक-शिक्षक मिलकर करेंगे चर्चा
चंडीगढ़। भगवंत मान सरकार द्वारा शुक्रवार 9 अक्टूबर को राज्य के सभी 23 जिलों के लगभग 19,200 सरकारी प्राथमिक, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में मेगा ‘माता-पिता-शिक्षक मिलनी’(पीटीएम) आयोजित की जाएगी। इसमें 25 लाख अभिभावकों के शामिल होने की संभावना है। “हर दिन, एक कदम आगे” विषय के तहत यह मेगा पीटीएम अभिभावकों को अपने बच्चे के शिक्षक के साथ बैठकर यह समझने का अवसर देगी कि उनका बच्चा किस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, उसे कहां सहायता की आवश्यकता हो सकती है और घर से मिलने वाला प्रोत्साहन तथा स्कूल में मिलने वाली सहायता बच्चे का भविष्य संवारने में किस प्रकार सहायक हो सकती है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “हर मां-बाप अपने बच्चे को आगे बढ़ता देखना चाहता है। यह मेगा पीटीएम प्रत्येक बच्चे का भविष्य संवारने और पंजाब के स्कूलों को विश्व में नंबर एक बनाने का एक अवसर है। जब स्कूल और परिवार मिलकर अगला कदम उठाते हैं तो हमारे बच्चों में विश्व स्तर पर नेतृत्व करने और प्रगति करने के लिए आत्मविश्वास पैदा हो जाता है।” इस अवसर पर अभिभावकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें करके संबंधित शिक्षक प्रत्येक बच्चे का रिपोर्ट कार्ड साझा करेंगे और कक्षा में उनके समग्र प्रदर्शन, उपस्थिति, क्षमता तथा सुधार वाले क्षेत्रों के बारे में चर्चा करेंगे। शिक्षक और अभिभावक निरंतर विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बच्चे की विशेष सीखने की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करेंगे। इस दौरान अभिभावकों को सवाल पूछने और घर में अपने बच्चे की सीखने की प्रक्रिया में सहायता करने के सरल तरीकों के बारे में बातचीत करने का अवसर भी मिलेगा। स्कूल प्रबंधन कमेटीयों (एस.एम.सी.) के सदस्यों को स्कूलों और बच्चों की शिक्षा में योगदान देने के लिए उनके समय और मेहनत के लिए सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “हमारा ध्यान प्रत्येक बच्चे पर विशेष और व्यक्तिगत ध्यान देने तथा उनकी प्रगति के लिए सीखने की विशेष योजनाएं तैयार करने पर केंद्रित है। ‘हर दिन, एक कदम आगे’ केवल एक वादा नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता को निखारने और उनके सीखने के सफर को बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर उठाया गया एक ठोस कदम है।” यह मेगा पीटीएम स्कूलों और अभिभावकों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत किए जा रहे प्रयासों का ही एक हिस्सा है।
पंजाब के 19200 सरकारी स्कूलों में आज होगी ‘मेगा पीटीएम’
