चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने हाल ही में बटाला, तरनतारन, लुधियाना और जीरकपुर में पार्टी कार्यालयों पर एक साथ हुए हमलों के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की सोची-समझी साजिश को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि आप पंजाब में ममता के बंगाल जैसे हालात पैदा करना चाहती है, लेकिन इस तरह की ओछी राजनीति और हथकंडे भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई को नहीं रोक सकेंगे। जाखड़ मोहाली के एसएसपी से मिलकर सोमवार की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई की आंच आप के बड़े नेताओं तक पहुंचने लगी, तो बौखलाए आप नेतृत्व ने निम्न स्तर की राजनीति शुरू कर दी है और भाजपा कार्यालयों पर हमले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ही समय पर और एक जैसे तरीके से हुए ये हमले इस बात का प्रमाण हैं कि यह एक गहरी साजिश के तहत कराया गया है। उन्होंने कहा कि जीरकपुर में कल हुए हमले के बाद एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई की, लेकिन केवल मोहरों को पकड़ना पर्याप्त नहीं है। पुलिस को इस साजिश के असली किरदारों को बेनकाब करना चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि आखिर किन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से भाजपा कार्यालयों पर हमले करवाए।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अधीन काम करने वाली विजिलेंस, जिसकी जिम्मेदारी भ्रष्टाचार रोकने की है, अगर वही भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल हो जाए तो सीबीआई की कार्रवाई जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई का विरोध करने का कोई नैतिक आधार आप नेताओं के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि “हर फाइल खुलेगी और सबका हिसाब होगा।”
