ओंटारियो (कनाडा)। कनाडा और अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा वर्ष भर चलाए गए की संयुक्त जांच अभियान के बाद ओंटारियो में करीब 1.7 टन अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत 139 मिलियन डॉलर से अधिक है। इस मामले में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 13 पंजाबी मूल के लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं, जबकि एक आरोपी की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है। सभी 21 आरोपियों के खिलाफ कनाडा के क्रिमिनल कोड और कंट्रोल्ड ड्रग्स एंड सब्स्टेंसेज़ एक्ट के तहत कुल 102 आरोप दर्ज किए गए हैं।
“प्रोजेक्ट बे” (Project Bay) नाम से चलाए गए इस अभियान को ओंटारियो के इतिहास की सबसे बड़ी एकल ड्रग्स जांच अभियानों में से एक माना जा रहा है। यह जांच जनवरी 2025 में विंडसर पुलिस ने शुरू की थी, जबकि एक माह बाद कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) भी इसमें शामिल हो गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया, जो व्यावसायिक ट्रकिंग नेटवर्क और वैध सप्लाई चेन का इस्तेमाल कर कनाडा-अमेरिका सीमा के पार बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
इस अभियान में अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) और ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के अलावा टोरंटो पुलिस और पील रीजनल पुलिस भी शामिल रही। 25 जून को पुलिस ने विंडसर, कोरोन्ना, ला-सैल, ब्रैम्पटन और क्लेनबर्ग में 18 स्थानों पर छापेमारी की। इसके बाद 14 और 20 जुलाई को मार्कहम, कैलिडन और ब्रैम्पटन में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हैं- गगनदीप थिंडल (27 वर्ष), सिमरनजीत सिंह (32 वर्ष), कंवरपाल कुलार (32 वर्ष), जतिनदीपल सिंह (39 वर्ष), जसविंदर सोही (55 वर्ष), तेजविंदर संधू (29 वर्ष), हरजविंदर संधू (33 वर्ष), हनींदरपाल ग्रेवाल (34 वर्ष), गुणदीप तारीवाल (32 वर्ष), महकप्रीत सिंह (24 वर्ष), करनदीप सिंह (27 वर्ष), तरमिंदर सिंह (19 वर्ष), अवतार सहोता (54 वर्ष), मोहम्मद बिन हसन (41 वर्ष), मिशेल मोस्कोन (28 वर्ष), शॉन बैटे (44 वर्ष), ज़ेन ख्वाजा (28 वर्ष), विली श्वार्ट्ज (30 वर्ष), स्टीव स्कुसोलिन (32 वर्ष)।
